समाचार · मध्य प्रदेश
नदी में मिला वेटेनरी डॉक्टर का शव:बैतूल में डिप्रेशन का चल रहा था इलाज; बेटे ने चप्पल-कपड़े देख तलाश शुरू की
बैतूल। माचना नदी के एनीकट में शनिवार को 63 वर्षीय राजकुमार सूर्यवंशी का शव मिला। वे पशु चिकित्सालय झल्लार में डॉक्टर थे और उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले।लिया था। घटना विवेकानंद वार्ड क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षद आनंद प्रजापति के अनुसार, राजकुमार शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे सीढ़ियों से एनीकट की ओर जाते दिखाई दिए थे। बाद में उनके बेटे ने तलाश शुरू की तो बाहर चप्पल, कपड़े और मोबाइल रखा मिला। नगरपालिका के लगाए सीसीटीवी कैमरों में भी वे एनीकट की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद तलाश के दौरान उनका शव पानी में मिला। परिजनों और परिचितों के मुताबिक, राजकुमार का नागपुर में इलाज चल रहा था। वे शनिवार को ही इलाज कराकर लौटे थे। बताया गया कि वे एंग्जाइटी और डिप्रेशन से संबंधित परेशानी के लिए उपचार ले रहे थे। उनकी पहली पत्नी की भी पहले आग लगने से मृत्यु हो गई थी। राजकुमार ने दूसरी शादी की थी। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बैतूल गंज पुलिस घटना की जांच कर रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद होगी।