समाचार · पंजाब
तरनतारन में डॉक्टर से फिरौती मांगी, घर के बाहर फायरिंग:चोहला साहिब में रात 1 बजे दो नकाबपोश गोली चलाते हुए CCTV में हुए कैद
तरनतारन के चोहला साहिब में डॉक्टर से फिरौती मांगने के बाद उनके घर के बाहर गोली चलाई गई। गोली चलने की सूचना मिलते ही लोकल थाने की पुलिस मोका पर पहुंच गई। गोली चलाते हुए दो नकाबपोश मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। जानकारी के अनुसार देर रात करीब 1 बजे बाइक पर सवार हो कर आए दो नकाबपोश युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। गोलियां गलती से डॉक्टर के पड़ोसी के घर के गेट पर लगीं, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना चोहला साहिब के एसएचओ रणजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोल मिले हैं। गोली चलाने वाले दोनों नकाबपोश युवक गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके। इससे पहले 7 अक्टूबर को भी इलाके में एक बिजनेसमैन के घर के बाहर फायरिंग हुई थी, जिसके आरोपी अब तक फरार चल रहे हैं।