Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर में ट्रैक्टर-ट्राली ने मां और तीन बच्चों को कुचला:भाई-बहन की मौत, एक पीजीआई रेफर, खरीदारी के लिए निकला था परिवार,

INT News24 October 2026 at 06:48 pm

यमुनानगर में जगाधरी में शनिवार शाम मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने एक्टिवा सवार एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 16 वर्षीय किशोरी और उसके 6 वर्षीय भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां और 4 वर्षीय भाई घायल हो गए। हादसा सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने हुआ। परिवार खरीदारी के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दोनों बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। वहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतकों की पहचान गांव सुघ निवासी रानी (16) और अरहम (6) के रूप में हुई है। घायलों में मां मुर्सिबा और उसका 4 वर्षीय बेटा आहान शामिल हैं। दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आहान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। खरीदारी के लिए निकले थे, स्कूल के सामने ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आए जानकारी के अनुसार, मुर्सिबा शनिवार शाम अपने तीनों बच्चों के साथ एक्टिवा पर खरीदारी के लिए निकली थी। एक्टिवा रानी चला रही थी। शाम करीब पौने चार बजे जब वे जगाधरी में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने पहुंचे तो उनकी मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक्टिवा सवार चारों लोग ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि रानी और अरहम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुर्सिबा और आहान घायल हो गए। ट्रैक्टर के नीचे फंसे थे दोनों बच्चों के शव हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों बच्चे ट्रैक्टर के नीचे फंस गए थे। पुलिस ने उनके शवों को बाहर निकलवाकर मोर्चरी भिजवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारण सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए यातायात सुचारू करवाया। मुर्सिबा के पति मोहम्मद काला गांव सुघ के रहने वाले हैं और लकड़ी मंडी में आढ़ती हैं। हादसे की सूचना मिलते ही काला और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंच गए। एक ही हादसे में दो बच्चों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।