Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में नशा तस्कर की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर:आरोपी पर एनडीपीएस की 10 मामले दर्ज, नोटिस के बाद विभाग ने की कार्रवाई

INT News20 August 2026 at 05:41 pm

अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। थाना मकबूलपुरा क्षेत्र में पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक नशा तस्करी से जुड़े आरोपी की प्रॉपर्टी पर नगर निगम ने डिमोलेशन की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ करीब 10 मामले दर्ज बताए गए हैं। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने मौके पर पहुंच कर पूरी कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में ज्यादातर मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक संबंधित प्रॉपर्टी को लेकर नगर निगम की ओर से पहले ही नोटिस और जांच की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद नियमों के तहत डिमोलेशन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने नगर निगम की टीम को सुरक्षा मुहैया करवाई, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 2100 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में हेरोइन और आइस समेत नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं। संदिग्धों की भूमिका मिली तो होगी कार्रवाई उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है और नशा तस्करी से जुड़े हिस्ट्रीशीटरों व संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और पुख्ता सबूत सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों से इस गैरकानूनी धंधे से बाहर निकलने की अपील की है।