समाचार · मध्य प्रदेश
SI के बेटे की मौत की FIR नहीं हुई:छतरपुर थाने के बाहर प्रदर्शन; आरोप- टक्कर मारने वाला ट्रक पकड़कर छोड़ा
छतरपुर में एक सब-इंस्पेक्टर को अपने बेटे की सड़क हादसे में मौत के बाद न्याय के लिए थाने के बाहर धरने पर बैठना पड़ा। मृतक के पिता मथुरा प्रसाद गौड़, जो स्वयं पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर हैं, ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की मौत के मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 जून की देर रात हुई थी। ग्राम चंदुली निवासी गजेंद्र सिंह गौड़ (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि सागर रोड की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक UP 91 AT 3056 और एक कार की टक्कर के दौरान गजेंद्र ट्रक के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गजेंद्र के साथ बाइक पर सवार वीरेंद्र (19), निवासी चंदुली, भी घायल हो गए, जिनका उपचार कराया गया है। ट्रक पकड़ने के बाद छोड़ दिया
मृतक के पिता मथुरा प्रसाद गौड़ का आरोप है कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को तो जब्त कर लिया, लेकिन ट्रक को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। उनका कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार संबंधित थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। धरने पर बैठे मथुरा प्रसाद गौड़ ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, "मैं खुद पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर हूं, लेकिन अपने ही बेटे की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करा पा रहा हूं। अगर एक पुलिसकर्मी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, तो आम आदमी की स्थिति क्या होगी?" उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। इस मामले में अभी तक पुलिस का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परिजनों का कहना है कि वे केवल निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई चाहते हैं। घटना के बाद से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।