समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन- सूने मकान में चोरी का खुलासा:तीन शातिर चोर गिरफ्तार, आदतन अपराधी है तीनों; जेवर, लैपटॉप और पेन ड्राइव बरामद
रायसेन शहर के यशवंत नगर में सूने मकान में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने शनिवारशाम को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, एक लैपटॉप और एक पेन ड्राइव बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। यह चोरी की वारदात 25 फरवरी को हुई थी। पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी उमेश कुमार शर्मा, जो वर्तमान में यशवंत नगर रायसेन में रहते हैं, अपने परिवार के साथ एक विवाह समारोह में सिलवानी गए थे। जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने पाया कि उनके मकान के दरवाजों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। घर से सोने-चांदी के जेवर, लगभग 45 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था। उनकी शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग किया। इसके आधार पर राकेश कुशवाह (घाटमपुरा), मुकेश बंजारा (मुखर्जी नगर) और छोटू उर्फ नरेश रैकवार (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी छोटू उर्फ नरेश के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण, एक लैपटॉप और एक पेन ड्राइव बरामद की। जांच में यह भी पता चला कि तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इस चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गोयल, उपनिरीक्षक श्रद्धा उइके, सहायक उपनिरीक्षक बृजमोहन साहू, प्रधान आरक्षक नरेंद्र रजक, आरक्षक शशांक दीक्षित, आरक्षक संदीप जैन और महिला आरक्षक वर्षा बरैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।