समाचार · मध्य प्रदेश
विदिशा में सोमवार को अति भारी बारिश का अलर्ट:कलेक्टर ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की
विदिशा जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। रविवार को आंधी के साथ बारिश, सोमवार को अति भारी बारिश और मंगलवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 21 मिमी वर्षा दर्ज की गई। नटेरन तहसील में सर्वाधिक 42 मिमी बारिश हुई, जबकि लटेरी में सबसे कम 3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य तहसीलों में कुरवाई में 36 मिमी, गुलाबगंज में 37 मिमी, सिरोंज में 30 मिमी, शमशाबाद में 14 मिमी, पठारी में 14.9 मिमी, बासौदा में 13.2 मिमी, ग्यारसपुर में 12.5 मिमी और विदिशा में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में अब तक कुल 178.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है। तहसीलवार आंकड़ों में लटेरी (280.4 मिमी), सिरोंज (270 मिमी) और नटेरन (241 मिमी) सबसे आगे हैं। लगातार हो रही बारिश और आगामी अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। संभावित भारी बारिश के मद्देनजर, कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने शनिवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने उन क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां हर वर्ष जलभराव या बाढ़ की स्थिति बनती है, ताकि वहां पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें। उन्होंने प्रभावित लोगों के सुरक्षित विस्थापन, अस्थायी आवास, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था तैयार रखने को कहा। इसके अतिरिक्त, पुल-पुलियों पर पानी भरने की स्थिति में तत्काल बैरिकेडिंग कर आवागमन रोकने, विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और आपदा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।