Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पिछोर में थोक व्यापारी की दुकान-गोदाम से लाखों की चोरी:बदमाश नकदी, सोने के जेवर और किराना सामान ले गए

INT News4 July 2026 at 09:55 pm

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में एक थोक व्यापारी की दुकान और गोदाम से लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया। अज्ञात बदमाशों ने ताले तोड़कर नकदी, सोने के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कपड़े और बड़ी मात्रा में किराना व तेल का सामान चुरा लिया। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी विजय कुमार गुप्ता (52) ने बताया कि पुराना चुंगी नाका पर उनकी थोक सामान की एजेंसी और गोदाम है। इसी परिसर की दूसरी मंजिल पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और लहंगा-चुनरी की दुकान भी संचालित होती है। उन्होंने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे दुकान और गोदाम बंद किया था। शनिवार सुबह लगभग 8:41 बजे पड़ोसी दुकानदार मनोज विश्वकर्मा ने गुप्ता को फोन पर दुकान और गोदाम के गेट खुले होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर व्यापारी ने देखा कि ताले टूटे हुए थे और अंदर से बड़ी मात्रा में सामान गायब था। चोरों ने प्रेस्टीज ब्रांड के तेल की 35 पेटियां (आधा लीटर), 5 लीटर की 7 पेटियां, 1 लीटर की 30 पेटियां, कोलू सरसों तेल की 15 पेटियां और 12 लीटर वाले प्रेस्टीज तेल के 25 नग चुराए। इसके अतिरिक्त, जय गुटखा की 8 बोरियां भी चोरी की गईं। ऊपर स्थित दुकान से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, लहंगा-चुनरी, लगभग 2 तोला सोने का हार, 7 ग्राम सोने के कान के आभूषण और दुकान में रखी करीब 52 हजार रुपये की नकदी भी चुराई गई। घटना की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।