Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

10 हजार का इनामी पुजारी राजस्थान से गिरफ्तार:राम-जानकी मंदिर चोरी का खुलासा, 4 लाख के जेवर बरामद

INT News4 July 2026 at 09:30 pm

दतिया में गोदन थाना क्षेत्र के कमलापुरी गांव स्थित राम-जानकी मंदिर में हुई चोरी के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने करीब दो महीने बाद खुलासा कर दिया है। मंदिर से भगवान श्रीराम और माता जानकी के सोने के हार, चांदी का ग्लास और एक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हुआ 10 हजार रुपए का इनामी आरोपी राजस्थान के भरतपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 4 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को कमलापुरी निवासी 73 वर्षीय वीरन सिंह यादव ने गोदन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके निजी राम-जानकी मंदिर में पूजा-पाठ करने वाला पुजारी कल्लू उर्फ कल्याणदास पवैया, निवासी गड़ाजर (जिला ग्वालियर), मंदिर में रखे भगवान के सोने के हार, करीब 200 ग्राम वजनी चांदी का ग्लास और उनकी प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को राजस्थान के भरतपुर जिले के निथार क्षेत्र से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर ग्वालियर से भगवान श्रीराम और माता जानकी के दोनों सोने के हार तथा चांदी का ग्लास बरामद कर लिया गया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।