समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा पार्षदों का नपाध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन:सीएम के दौरे से पहले बोले- मुख्यमंत्री को नपा की स्थिति बताना जरूरी; पार्टी ने दिया नोटिस
शिवपुरी में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे से ठीक एक दिन पहले भाजपा में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई। शनिवार शाम भाजपा के एक दर्जन से अधिक पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। पार्षदों ने शहर के प्रमुख मार्गों और माधव चौक पर तख्तियां लेकर नारेबाजी की और नगर पालिका अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग दोहराई। भाजपा जिलाध्यक्ष पहुंचे, लेकिन नहीं माने पार्षद
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव और अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षदों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विरोध कर रहे पार्षद अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन के कुछ देर बाद ही पार्टी ने संबंधित पार्षदों को अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। पार्षद बोले- सीएम को नपा की स्थिति बताना जरूरी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद ओमप्रकाश जैन ‘ओमी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री को शिवपुरी नगर पालिका की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा को हटाने की मांग कर रहे हैं और जनता भी उनके साथ है। ओमप्रकाश जैन ने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार नहीं कर रहे, लेकिन विरोध स्वरूप कोई भी पार्षद कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा। पुराने विवाद फिर आए सामने
ओमप्रकाश जैन ने बताया कि 11 जून 2025 को करैरा के बगीचा सरकार हनुमान मंदिर में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने मिलकर गायत्री शर्मा को अध्यक्ष पद से हटाने की शपथ ली थी। इसके बाद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त 2025 को 18 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे भी दिए थे। जैन ने कहा कि वे आज भी उसी संकल्प पर कायम हैं और यदि इस आंदोलन के कारण पार्टी उन्हें बाहर करती है तो भी उन्हें इसकी परवाह नहीं है। ‘भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले भी की गईं’
वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद राजू गुर्जर ने कहा कि पिछले डेढ़-दो वर्षों से पार्षद लगातार जनता की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ही यह विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि पार्षदों की शिकायतों से जुड़े मामले विधिक प्रक्रिया और न्यायालय में विचाराधीन हैं। इसके बावजूद पार्टी के खिलाफ सार्वजनिक प्रदर्शन करना अनुशासनहीनता है। उन्होंने बताया कि संबंधित पार्षदों को तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी संविधान के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 12 पार्षदों को नोटिस, राजनीति गरमाई
जिला भाजपा कार्यालय की ओर से वार्ड क्रमांक 5 के ओमप्रकाश जैन, वार्ड 8 की रीना कुलदीप शर्मा, वार्ड 9 की रितु रत्नेश जैन, वार्ड 10 की प्रतिभा गोपी शर्मा, वार्ड 11 की नीलम अनिल बघेल, वार्ड 12 की सरोज धाकड़, वार्ड 17 के राजा यादव, वार्ड 20 के विजय शर्मा, वार्ड 31 की मीणा पंकज शर्मा, वार्ड 37 के गौरव सिंगला, वार्ड 39 की कृष्णा नगर और वार्ड 21 के रघुराज सिंह गुर्जर (राजू) को नोटिस भेजा गया है। मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले भाजपा पार्षदों का यह खुला विरोध और उसके बाद पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई ने शिवपुरी की राजनीति को फिर गर्मा दिया है। अब सबकी नजर पार्षदों के जवाब और पार्टी के अगले कदम पर टिकी हुई है।