Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports · Goa

फीफा वर्ल्ड कप: 'खेलना चाहते हैं नेमार', एंसेलोटी ने बताई ब्राजील स्टार की मन की बात

INT News4 July 2026 at 09:38 pm

Ancelotti confirms Neymar is Fully Fit: ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने विश्व कप के बीच अपनी टीम को राहत देने वाली खबर दी है. उन्होंने पुष्टि की है कि स्टार फॉरवर्ड नेमार अब पूरी तरह फिट हैं और जरूरत पड़ने पर पूरे 90 मिनट खेलने के लिए तैयार हैं. साथ ही एंसेलोटी ने यह भी स्वीकार किया कि सीमित गेम टाइम मिलने से नेमार खुश नहीं हैं और वो मैदान पर अधिक समय बिताना चाहते हैं.

स्कॉटलैंड के खिलाफ महज 14 मिनट खेलने का मिला मौका

दाएं पिंडली (काफ) की चोट से उबरने के बाद नेमार अब पूरी तरह उपलब्ध हैं. हालांकि मौजूदा विश्व कप में उन्हें अब तक सिर्फ स्कॉटलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच में 14 मिनट खेलने का मौका मिला है. ऐसे में ब्राजील के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर के लिए यह टूर्नामेंट अब तक निराशाजनक रहा है.

Goal.com के अनुसार, एंसेलोटी ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह खेलने के लिए उपलब्ध हैं. वह कितनी देर खेलेंगे, यह कोई नहीं जानता. उनके पास अपने मिनट और मैच की गति को संभालने का अनुभव है. जब मुझे लगेगा कि टीम को उनकी जरूरत है, तब मैं उन्हें मैदान पर उतारूंगा.”

नेमार पूरे 90 मिनट खेल सकते हैं

जब उनसे पूछा गया कि क्या नेमार पूरे 90 मिनट खेल सकते हैं, तो एंसेलोटी ने साफ जवाब दिया, “हां, वह 90 मिनट खेल सकते हैं.” इटालियन कोच ने नेमार की जमकर तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि नेमार टीम के साथियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं और ड्रेसिंग रूम में उनकी भूमिका काफी अहम है.

नेमार बहुत अच्छी ट्रेनिग कर रहे हैं

एंसेलोटी ने कहा, “वह बहुत अच्छी ट्रेनिंग कर रहे हैं. नेमार बेहद सम्मानजनक, मिलनसार और अपने साथियों के चहेते खिलाड़ी हैं. वह टीम के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि उनके पास असाधारण गुणवत्ता है और वह बेहद विनम्र इंसान हैं. मैं उनसे बहुत खुश हूं.”

ब्राजील कोच ने यह भी माना कि नेमार सीधे तौर पर खेलने की मांग नहीं करते, लेकिन उनकी इच्छा साफ दिखाई देती है. उन्होंने कहा, “वह सीधे यह नहीं कहते कि मैं खेलना चाहता हूं, लेकिन उनकी इच्छा बिल्कुल स्पष्ट है और यह अच्छी बात है. कोई भी खिलाड़ी बेंच पर बैठकर खुश नहीं रह सकता.”

6 जुलाई को नॉर्वे से होगा सामना

अब ब्राजील की नजर नॉकआउट चरण के अहम मुकाबले पर होगी, जहां उसका सामना 6 जुलाई को न्यू जर्सी में एर्लिंग हालैंड की अगुआई वाली नॉर्वे से होगा. भारतीय समयानुसार यह मुकाबला रात 1:30 बजे शुरू होगा.

यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप 2026: राउंड ऑफ-16 का रोमांच शुरू, खिताबी दौड़ में बचीं शीर्ष 16 टीमें