समाचार · मध्य प्रदेश
महिला की मौत पर कार्रवाई, सटई चिकित्सा अधिकारी का तबादला:इलाज में लापरवाही व डॉक्टर की अनुपस्थिति के आरोप
छतरपुर जिले के सटई में आकाशीय बिजली गिरने से घायल महिला की इलाज के अभाव में मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सटई के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुणेन्द्र शुक्ला का तत्काल प्रभाव से बक्सवाहा तबादला कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि घटना के समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। समय पर इलाज और एंबुलेंस न मिलने के कारण घायल महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस घटना से नाराज लोगों ने सटई नगर बंद कर दिया था। उन्होंने बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी का तबादला किया। साथ ही, अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बिजावर एसडीएम विनय कुमार द्विवेदी की समझाइश के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। बस स्टैंड पर लगाया गया जाम समाप्त कर दिया गया। प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।