Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत शर्त लगाकर ट्रेन पर चढ़े युवक को लगा करंट:सिर पर लगा करंट, बोगी पर तड़पड़ता रहा; घायल को PGI रेफर किया

INT News12 August 2026 at 03:44 pm

सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दोस्तों के बीच लगी एक शर्त एक 16 वर्षीय युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे बसोदी गांव के युवक ने बिना फुटओवर ब्रिज के मालगाड़ी को पार कर दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने की कोशिश की। इसके लिए वह प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी मालगाड़ी की बोगी पर लगी सीढ़ियों से ऊपर चढ़ गया। युवक जैसे ही बोगी के बीच तक पहुंचा, ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक बोगी पर ही गिर पड़ा और कुछ देर तड़पने के बाद नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा। हादसे के बाद उसके दोस्त मौके से भाग गए। गनीमत रही कि जिस समय युवक नीचे गिरा, उस दौरान रेलवे लाइन पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे पहले दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने दिल्ली ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे रोहतक भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोस्तों से लगी थी शर्त, ब्रिज का इस्तेमाल किए बिना पार करनी थी मालगाड़ी जीआरपी के एएसआई विकास शर्मा के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे की है। पुलिस को शुरुआती जानकारी में पता चला कि कई युवक सोनीपत रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। युवकों के बीच कथित तौर पर शर्त लगी थी कि प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी मालगाड़ी को बिना फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल किए पार करना है। इसी शर्त को पूरा करने के लिए बसोदी निवासी हर्षित मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ गया। बोगी के बीच पहुंचते ही सिर से टकराया बिजली का तार दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाली मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी थी। हर्षित बोगी की सीढ़ियों से ऊपर चढ़ा और धीरे-धीरे बोगी के बीच तक पहुंच गया। इसी दौरान उसका सिर ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज बिजली के तार से टकरा गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही वह बोगी के ऊपर गिर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को दो बार करंट का झटका लगा। करंट लगने के बाद बोगी पर तड़पता रहा, फिर नीचे गिरा करंट लगने के बाद हर्षित कुछ समय तक मालगाड़ी की बोगी पर ही पड़ा तड़पता रहा। इसके बाद वह अचानक धड़ाम से नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा। हादसे के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि उस समय रेलवे लाइन पर कोई दूसरी ट्रेन नहीं आ रही थी। हादसा होते ही दोस्त मौके से भागे जानकारी के मुताबिक करंट लगने और युवक के नीचे गिरने के बाद उसके साथ मौजूद अन्य युवक मौके से फरार हो गए। हर्षित रेलवे लाइन के पास गंभीर हालत में पड़ा रहा। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए उसे एंबुलेंस के जरिए सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया। सफदरजंग किया रेफर, रोहतक लेकर पहुंचे सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हर्षित की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि परिजनों ने उसे दिल्ली ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक को रोहतक भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दसवीं के बाद टेक्निकल कोर्स में लिया था दाखिला मिली जानकारी के अनुसार हर्षित की उम्र करीब 16 साल है। उसने दसवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के बाद टेक्निकल कोर्स में दाखिला लिया हुआ है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में भी चिंता का माहौल है। युवकों की तलाश में जुटी जीआरपी जीआरपी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हादसे के दौरान हर्षित के साथ मौजूद अन्य युवकों की जानकारी जुटाने में लगी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवकों के बीच वास्तव में किस तरह की शर्त लगी थी और रेलवे स्टेशन पर वे किस उद्देश्य से पहुंचे थे।