Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जागरण से लौट रहे ऑटो चालक को मारपीट कर लूटा:अबोहर में चोर पकड़ने के रंजिश में वारदात, वाहन तोड़े, नकदी-मोबाइल छीना

INT News11 August 2026 at 04:30 pm

फाजिल्का के अबोहर के सुभाष नगर इलाके में सोमवार देर रात (मंगलवार सुबह) धार्मिक समागम से लौट रहे एक ऑटो चालक पर कुछ युवकों द्वारा लाठियों, डंडों और ईंटों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने न सिर्फ ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई की और उसका ऑटो क्षतिग्रस्त कर दिया, बल्कि उससे हजारों रुपये की नकदी और मोबाइल फोन भी लूट लिए। घायल ऑटो चालक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए श्याम बाबू ने बताया कि सोमवार रात सुभाष नगर निवासी मोनू के घर पर एक जागरण का आयोजन था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब आरती चल रही थी, तभी एक अज्ञात युवक जागरण की झांकियों वालों का बैग चुराकर भागने की कोशिश कर रहा था। वहां मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और समझा-बुझाकर वहां से भगा दिया। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

साउंड वाहन पर पथराव के बाद ऑटो चालक को घेरा जागरण संपन्न होने के बाद जब साउंड और झांकियों वाले अपना सामान (दरबार) समेटकर ऑटो से लौट रहे थे, तभी सुभाष नगर शमशान भूमि के पास 3-4 युवक लाठियां और डंडे लेकर आ धमके। हमलावरों ने सबसे पहले आगे चल रहे साउंड वाले वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि, साउंड वाहन का चालक सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को वहां से भगा ले गया। साउंड वाहन के निकल जाने के बाद गुस्साए युवकों ने पीछे आ रहे ऑटो चालक अश्विनी कुमार को घेर लिया। उन्होंने अश्विनी को ऑटो से बाहर खींचकर लाठियों-डंडों और ईंटों से बुरी तरह पीटा और ऑटो में जमकर तोड़फोड़ की।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर युवक सुभाष नगर इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।