समाचार · मध्य प्रदेश
धारकुंडी आश्रम रोड पर तेंदुए का शावक दिखा:पुलिस टीम ने बनाया विडियो, वन विभाग ने रात में धीमी गति से चलने की दी सलाह
सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र में गुरुवार देर शाम पुलिस टीम को सड़क किनारे तेंदुए का शावक नजर आया। धारकुंडी आश्रम रोड पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने तेंदुए को देखा और इसका वीडियो मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वाहन की रोशनी पड़ते ही जंगल में भागा जानकारी के मुताबिक, धारकुंडी थाना प्रभारी विजय सिंह अपनी टीम के साथ परमहंस आश्रम की ओर पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे सड़क किनारे झाड़ियों के पास उन्हें तेंदुए का शावक दिखाई दिया। पुलिस वाहन की रोशनी पड़ते ही शावक झाड़ियों से बाहर निकला और सड़क पार कर दूसरी तरफ जंगल में चला गया। पुलिसकर्मियों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वन विभाग अलर्ट, राहगीरों को सावधानी की सलाह तेंदुए के देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और जंगल के रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों को जंगल वाले मार्ग पर धीमी गति से वाहन चलाने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है। बाघों की आवाजाही वाला क्षेत्र है मझगवां मझगवां रेंज में करीब 13,925 हेक्टेयर वन क्षेत्र है। यह इलाका बाघों की नियमित आवाजाही के लिए जाना जाता है और उनकी टेरिटरी का हिस्सा माना जाता है। घने जंगल, पर्याप्त जलस्रोत और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण के कारण इस क्षेत्र में बाघों के साथ-साथ तेंदुओं की मौजूदगी भी अक्सर देखने को मिलती है। ऐसे में वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से जाने और रात में लापरवाही से यात्रा करने से बचने की अपील की है।