Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी में बायपास क्रॉसिंग पर लगातार दूसरे दिन हादसा:तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मारी, बाइक सवार गंभीर घायल; ड्राइवर वाहन लेकर फरार

INT News14 August 2026 at 08:29 am

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में अन्नपूर्णा होटल के सामने बायपास क्रॉसिंग पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा हुआ। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे शिवपुरी की ओर से आ रहे बाइक सवार ब्रजेश जाटव को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ब्रजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। होटल पर मौजूद कोलारस निवासी शैलेश राजोरिया, सिद्धार्थ जैन, समर जैन, देव शिवहरे और संस्कार जैन ने घायल ब्रजेश की मदद की। उन्होंने अपने निजी वाहन से ब्रजेश को कोलारस अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बुधवार को भी इसी जगह हादसा हुआ था

इसी स्थान पर इससे ठीक एक दिन पहले बुधवार को भी एक बड़ा हादसा हुआ था। नोहरी कला निवासी 40 वर्षीय हरि सिंह जाटव बाइक से पनवारी जा रहे थे, तभी पीछे से आए एक कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हरि सिंह अपनी बाइक समेत कंटेनर के आगे फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। इस हादसे में भी वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस घटना का वीडियो भी सामने आया था।