समाचार · मध्य प्रदेश
चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत पर रेस्टोरेंट में छापा:सतना में चाउमीन-पनीर के सैंपल लिए, डेयरी से दूध-खोवा के नमूने भी जांच के लिए भेजे
सतना जिले के नागौद में एक रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को छापा मारा है। यह कार्रवाई एक ग्राहक द्वारा चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने एसबीआई चौक स्थित फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, टीम ने रेस्टोरेंट से चाउमीन और पनीर के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को आगे की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारी ने रेस्टोरेंट में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और किचन की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस की शर्तों का पालन करने और प्रतिष्ठान में उचित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नागौद स्थित गोलू 56 डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से दूध, पनीर और खोवा के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें दुग्ध उत्पादों की शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।