समाचार · मध्य प्रदेश
ट्राले की टक्कर से सरपंच के ससुर-देवर की मौत:दोनों टायरों के नीचे दबे, ग्रामीणों ने किया हंगामा; मेघनगर से घर लौट रहे थे
झाबुआ जिले के मेघनगर थाना क्षेत्र में सजेली फाटक के पास मंगलवार दोपहर 2.30 बजे तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार ट्राले के टायरों के नीचे दब गए। मेघनगर से घर लौट रहे थे दोनों मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत तलावली की सरपंच वनिता भूरिया के ससुर भाणजी भूरिया और देवर बहादुर भूरिया के रूप में हुई है। दोनों मेघनगर से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सजेली फाटक के पास ट्राला क्रमांक (MP 45 ZL 503) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया विरोध घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सजेली फाटक के पास निर्माणाधीन पुल के कारण यहां पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है। पुलिस ने ट्राले को अपने कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही मेघनगर थाना प्रभारी (टीआई) दिनेश शर्मा अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को संभालते हुए उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मार्ग को सुचारू कराया।