समाचार · हरियाणा
पलवल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बच्ची को कुचला, मौत:पिता के साथ बाइक पर जा रही, शौच करने के लिए रुका, ड्राइवर मौके से फरार
पलवल के सुलतापुर-कुशक रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से 14 वर्षीय लड़की वीरा की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। चांदहट थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के छातंगा खुर्द गांव निवासी चमन अपनी बेटी वीरा के साथ बाइक पर कुशक गांव जा रहे थे। सुलतापुर चौक से कुशक की ओर जाते समय चमन ने शौच के लिए अपनी बाइक सड़क किनारे रोकी। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने वीरा को जोरदार टक्कर मार दी। चेसिस नंबर के आधार पर हो रही ड्राइवर की पहचान टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बच्ची की छाती और गर्दन के ऊपर से गुजर गया। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं थी, लेकिन पुलिस और परिजनों ने मौके पर खड़े ट्रैक्टर का चेसिस नंबर ढूंढ लिया, जिसके आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है। दिल्ली ले जाते हुए तोड़ा दम मौके पर मौजूद लोगों ने घायल वीरा को तुरंत बाइक पर बैठाकर बडोली अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर हालत के कारण उसे भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां भी डॉक्टरों ने असमर्थता जताई। बच्ची को इलाज के लिए दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही वीरा ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले आए, जहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चांदहट थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि पुलिस ने चमन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।