Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

माफियाओं के अवेध खनिज उत्खनन से ग्रामीण परेशान:प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप; कार्रवाई न करने पर जन-आंदोलन की चेतावनी

INT News11 August 2026 at 04:24 pm

कटनी में अवैध खनन और प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर थाना कुठला क्षेत्र के ग्राम भरवारा में अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायत की। साथ ही माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

अवैध उत्खनन से ग्रामीण परेशान ग्रामीणों ने शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 32 और 33 (कुल रकबा 2.89 एकड़/हेक्टेयर) पर बिना अनुमति के मुरम और अन्य खनिजों का अवैध उत्खनन करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, माफिया ने लगभग 600 घन मीटर खनिज अवैध रूप से खोदकर बाजार में बेच दिया। इससे शासन को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। रात-दिन दौड़ रहे ओवरलोड डंपरों और भारी वाहनों के कारण गांव की सड़कें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके कारण आम जनता को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने सरकार पर मिलीभगत का आरोप लगाया ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच पर माफियाओं के साथ मिले होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब पुलिस या राजस्व विभाग की टीम वाहनों को पकड़ती है, तो कुठला पुलिस और संबंधित अधिकारी रुपए लेकर मामलों को रफा-दफा कर देते हैं। आज तक किसी भी दोषी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। माफिया और भ्रष्टाचार से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की है। उन्होनें अवैध खनन में शामिल माफिया, सरपंच और भ्रष्ट अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करने की भी मांग की है। समस्या हल नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन करेंगें ग्रामीण

​ग्रामीणों ने कहना है कि अगर प्रशासन ने इस समस्या पर ध्यान दें और सड़कों की मरम्मत कराएं। अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र के सभी ग्रामीण सड़कों पर उतरेंगे। वे विशाल जन-आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।