समाचार · मध्य प्रदेश
देवास कलेक्टर बोले- स्पष्ट लक्ष्य तय करने, अनुशासन से पढ़ें:सांदीपनि विद्यालय में 'किताब से कल तक' कार्यक्रम; बच्चों से बात की
देवास जिले के ग्राम सन्नौड़ स्थित सांदीपनि विद्यालय में शनिवार को "किताब से कल तक" विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में मनोज चौधरी भी मौजूद थे। छात्रों ने करियर, पढ़ाई, हॉबी और सफलता से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। जवाब में, दोनों अधिकारियों ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन तथा कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। संवाद के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि किताबें ही विद्यार्थियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं। कलेक्टर ने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य तय करने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने का आग्रह किया। कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिले में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने अपने छात्र जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे भी शासकीय विद्यालय से पढ़कर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूलों में निजी विद्यालयों से भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। एसपी ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़ने की सलाह दी। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने छात्र जीवन, सफलता, पढ़ाई और हॉबी को लेकर कई सवाल पूछे। हॉबी और पढ़ाई में संतुलन पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि समय के सही प्रबंधन से दोनों को साथ लेकर चला जा सकता है। वहीं, सफलता के सफर पर एसपी पुनीत गेहलोद ने दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।