समाचार · पंजाब
बठिंडा में डिग्गी में मिला युवक का नग्न शव:पहचान नहीं, 35-40 साल के बीच है उम्र, 100 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया
बठिंडा की ठंडी सड़क पर पोखरमल कैंटीन के पास रेलवे डिग्गी से एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की देह पूरी तरह नग्न अवस्था में पाई गई है। सूचना मिलते ही थाना कैनाल पुलिस और 'सहारा जन सेवा' की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही सहारा जन सेवा के सदस्य संदीप गिल, विक्की कुमार और टेकचंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे डिग्गी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव पर एक भी कपड़ा मौजूद नहीं था, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। सहारा टीम ने शव को चादर में लपेटकर एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पहचान के लिए 100 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया शव सहारा जन सेवा के अध्यक्ष गौतम गोयल ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को अस्पताल की मोर्चरी में 100 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया है। इस दौरान संस्था और पुलिस मिलकर आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने शुरू की जांच, जारी किए जाएंगे पहचान इश्तिहार मामले की पुष्टि करते हुए थाना कैनाल के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया है। व्यक्ति नग्न अवस्था में डिग्गी में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजने के साथ-साथ इश्तिहार भी जारी किए जा रहे हैं।