Thursday, 5 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

गांव के पैसे से गांव का ही विकास नहीं : मुखिया संघ ने किया बैठक का बहिष्कार, पंचायती राज की अनदेखी का लगाया आरोप

INT News5 November 2026 at 09:36 pm

जमशेदपुर : जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के तहत संचालित योजनाओं को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित न्यास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक का जिला मुखिया संघ ने एकसुर में बहिष्कार कर दिया. पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए मुखिया बैठक में शामिल नहीं हुए और प्रशासनिक कार्यशैली पर कड़ा विरोध जताया.

जुबली पार्क में जुटी पंचायत प्रतिनिधि

बैठक का बहिष्कार करने के बाद दोपहर में साकची जुबली पार्क में मुखिया संघ के प्रतिनिधियों की एक आपात बैठक हुई. बैठक को संबोधित करते हुए जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष कान्हू मुर्मू ने कहा कि न्यास परिषद की इससे पहले भी दो बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनका कोई ठोस और सकारात्मक नतीजा सामने नहीं आया.

ग्रामसभा की योजनाओं को दरकिनार करने का आरोप

कान्हू मुर्मू ने स्पष्ट कहा कि गांवों में नियमानुसार ग्रामसभाएं आयोजित कर विकास योजनाओं का चयन तो करा लिया जाता है, लेकिन जब डीएमएफटी फंड से योजनाओं को स्वीकृति देने की बात आती है, तो गांव की योजनाओं को दरकिनार कर दिया जाता है. इतना ही नहीं, डीएमएफटी मद से कौन सी योजनाएं स्वीकृत हो रही हैं और किनका संचालन हो रहा है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी तक संबंधित पंचायत के मुखिया को नहीं दी जाती.

ये भी पढ़ें : Video : धनतेरस पर झाड़ू की डिमांड, साकची की 40 साल पुरानी दुकान बनी परंपरा की गवाह, जानें एक या दो...कितनी झाड़ू लेना शुभ

'सुदूर गांवों से आता है पैसा, लेकिन खर्च में पारदर्शिता शून्य'

मुखिया संघ ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के अधिकारी पंचायती राज व्यवस्था के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को हाशिये पर धकेलने का काम कर रहे हैं. अध्यक्ष ने कहा कि डीएमएफटी फंड में सबसे ज्यादा पैसा खनन प्रभावित सुदूर ग्रामीण इलाकों से आता है, मगर विडंबना यह है कि उस राशि का समुचित उपयोग गांवों के विकास में नहीं हो रहा है. फंड के आवंटन और खर्च में पूरी तरह पारदर्शिता का अभाव है. उन्होंने कहा कि यह बहिष्कार किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि गांवों के वास्तविक विकास और पंचायत प्रतिनिधियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया है.

डीसी और मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

मुखिया संघ ने ऐलान किया कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करने और गांवों की योजनाओं को डीएमएफटी में प्राथमिकता दिलाने की मांग को लेकर जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त (डीसी) और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा.

बैठक में ये रहे उपस्थित

जुबली पार्क में आयोजित बैठक में जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष कान्हू मुर्मू के साथ जमशेदपुर प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष राकेश चंद्र मुर्मू, पोटका मुखिया संघ सचिव अभिषेक सरदार, इशाक समेत विभिन्न पंचायतों के कई मुखिया व प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद थे.

ये भी पढ़ें : Video : दिवाली-धनतेरस पर जमशेदपुर में सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह, SSP ने बताया फुलप्रूफ एक्शन प्लान