समाचार · उत्तर प्रदेश
काशी दर्शन के लिए आया पूरा परिवार खत्म, एक दिन पहले पिता की मौत, अगले दिन मां-बेटे की भी मिली लाश

UP News: वाराणसी में एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि तीन जिंदगियां खत्म हो गईं. महाराष्ट्र से काशी दर्शन-पूजन के लिए आए परिवार में बीमारी से पति की मौत के एक दिन बाद पत्नी और बेटे की भी मौत हो गई. दोनों लक्सा थाना क्षेत्र के एक होम स्टे में मृत मिले. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
7 अगस्त को काशी आया था परिवार
महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी विशाल मुखर्जी (55), उनकी पत्नी जया मुखर्जी (51) और बेटा ईशान मुखर्जी (27) सात अगस्त को वाराणसी पहुंचे थे. परिवार काशी दर्शन और पूजा-पाठ के लिए आया था. तीनों ने लक्सा थाना क्षेत्र स्थित वाची होम स्टे में कमरा बुक कराया था. परिवार ने पहले दिन काशी में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद तीनों होम स्टे लौट आए.
अचानक बिगड़ी विशाल की तबीयत
रविवार रात अचानक विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ गई. होम स्टे के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, विशाल की मौत बीमारी की वजह से हुई थी. इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया. जया और ईशान वापस होम स्टे चले गए.
सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को दी सूचना
सोमवार सुबह होम स्टे के कर्मचारियों ने देखा कि जया और ईशान के कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा है. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. मां और बेटा दोनों बेड पर पड़े थे. दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और उल्टी के निशान भी मिले. पुलिस दोनों को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कमरे से मिले जहर के पैकेट
घटना की जानकारी मिलते ही लक्सा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे की जांच की गई. पुलिस को वहां जहर के पैकेट मिले हैं. फॉरेंसिक टीम ने मां-बेटे के मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं. काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने होम स्टे के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की.
आर्थिक परेशानी की बात भी सामने आई
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान के मुताबिक, शुरुआती जांच में विशाल मुखर्जी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी सामने आई है. मोबाइल पर आए परिचितों के फोन कॉल से पुलिस को इसके बारे में पता चला. पुलिस के मुताबिक, विशाल ने लोन भी ले रखा था. उनकी पत्नी जया की तबीयत भी ठीक नहीं रहती थी.
एक दिन में परिवार के तीन सदस्यों की मौत
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि विशाल की मौत के सदमे को जया और ईशान बर्दाश्त नहीं कर सके. इसके बाद दोनों ने यह कदम उठाया. हालांकि, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. महाराष्ट्र में रहने वाले परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दे दी गई है. उनके वाराणसी पहुंचने के बाद विशाल, जया और ईशान का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
इनपुट: खुशी सिंह
यह भी देखें: 'आलू 1 रुपये किलो, सपना 1 ट्रिलियन डॉलर का', अखिलेश यादव बोले- ये है डील की ढील का परिणाम