समाचार · पंजाब
फरीदकोट में BJP वर्करों ने संगठन महासचिव का पुतला फूंका:15 दिन में जिलाध्यक्ष बदलने पर रोष, समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोप
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा फरीदकोट के जिला अध्यक्ष को बदले जाने के बाद पार्टी के भीतर आंतरिक कलह और नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। मंडल अध्यक्ष नसीब सेठी सहित कई पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद, मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाईकमान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक रोष मार्च निकाला। इस प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रांतीय संगठन महासचिव श्रीनिवासुलु का पुतला फूंका और शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पार्टी में नियुक्तियों को लेकर पूरी तरह से मनमानी की जा रही है। पूर्व मंडल प्रधान नसीब सेठी और कुलदीप बराड़ सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने कहा कि हाल ही में फरीदकोट के जिला प्रधान के रूप में गौरव कक्कड़ को नियुक्त किया गया था, लेकिन महज 15 दिन बाद ही उन्हें पद से हटा दिया गया। हाईकमान के इस बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले से पार्टी के जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं में भारी निराशा और रोष का माहौल है।" 'पैराशूट नेताओं' को तवज्जो देने के गंभीर आरोप रोष मार्च का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने पार्टी नेतृत्व पर भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता और नेता पिछले लंबे समय से पूरी समर्पण भावना के साथ विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। इसके विपरीत, दूसरी पार्टियों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले (पैराशूट) नेताओं को महत्वपूर्ण सांगठनिक पदों से नवाजा जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाईकमान को चेतावनी: कार्यकर्ताओं की अनदेखी पड़ी भारी समान विचारधारा वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर भाजपा हाईकमान से मांग की है कि जमीनी स्तर पर पार्टी की रीढ़ माने जाने वाले पुराने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझा जाए और उनकी बात सुनी जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समर्पित नेताओं की अनदेखी का यह सिलसिला जारी रहा, तो आगामी चुनावों में पार्टी को इसका बहुत बड़ा सांगठनिक और राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।