समाचार · बिहार
बिहार के 105.68 लाख पेंशन लाभुकों के खातों में पहुंचे 1233.87 करोड़, गंगटा से मुख्यमंत्री ने जारी की अगस्त की राशि

मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत गंगटा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना को लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राज्य के 105.68 लाख लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त महीने की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की. प्रति लाभार्थी 1100 रुपये की दर से कुल 1233.87 करोड़ रुपये की राशि भेजी गयी.
वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लाभुकों को मिली बढ़ी राशि
हस्तांतरित राशि में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन समेत बिहार सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुक शामिल हैं. पेंशन की बढ़ी हुई राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजे जाने से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है.
वंदे मातरम् से शुरू हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम
गंगटा दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत से हुई. इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया. तत्पश्चात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर परिसर में व्यापक तैयारियां की गयी थीं.
कई मंत्री और बड़े अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, पर्यावरण एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. शैलेंद्र कुमार, जमुई लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण भारती, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार मौजूद रहे. इसके अलावा समाज कल्याण, पथ निर्माण तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
बड़ी संख्या में लाभुक और स्थानीय लोग पहुंचे
राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर गंगटा दुर्गा मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक और स्थानीय लोग पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पर लाभुकों की सुविधा और आयोजन के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी थीं. मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन राशि हस्तांतरित किए जाने के दौरान लाभुकों में उत्साह देखा गया.
बढ़ी पेंशन राशि से मिलेगा आर्थिक संबल
सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह किए जाने से राज्य के लाखों वृद्ध, विधवा, दिव्यांगजन और अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक संबल मिलेगा. डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है. सरकार की इस पहल से नियमित पेंशन पर निर्भर लाभुकों को बढ़ती जरूरतों के बीच अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें : बिहार के 2 जिलों में गंगा किनारे फोरलेन एलिवेटेड रोड बनाने का रास्ता साफ, साफियाबाद से सबौर तक फर्राटा भरेंगी गाड़ियां