समाचार · मध्य प्रदेश
ट्रेन में गर्भवती महिला की डिलीवरी, नवजात की मौत:कटनी स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन, इमरजेंसी में हुई मदद
कटनी में पाटलिपुत्र से मुंबई जा रही ट्रेन संख्या 12142 के जनरल कोच में यात्रा के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर महिला ने ट्रेन के भीतर ही बच्चे को जन्म दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आपात स्थिति में कटनी जंक्शन पर रोकी गई ट्रेन रेलवे कंट्रोल को सूचना मिलते ही कटनी के डिप्टी एसएस कमर्शियल मुकेश मिश्रा को अलर्ट किया गया। इसके बाद रेलवे डॉक्टर, आरपीएफ, जीआरपी और अन्य स्टाफ को मौके पर भेजा गया। चूंकि ट्रेन का कटनी स्टेशन पर ठहराव नहीं था, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उसे आपात रूप से कटनी जंक्शन पर रोका गया। मां और बच्चे को तुरंत दी गई मेडिकल मदद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही रेलवे टीम जनरल कोच तक पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे डॉक्टर ने मौके पर जांच की। नवजात शिशु की हालत गंभीर बताई गई और जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला की हालत को देखते हुए उन्हें 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका आगे का इलाज जारी है।