Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंङ : सिमलीपाल से लौटे 20 हाथी, चंपुआ में फिर मचा हड़कंप

INT News2 September 2026 at 12:25 pm

चंपुआ : चंपुआ वन क्षेत्र एक बार फिर हाथियों के झुंड की दस्तक से दहशत में है. करीब 15 दिनों बाद 20 हाथियों का झुंड क्योंझर प्रखंड होते हुए दोबारा चंपुआ वन क्षेत्र में प्रवेश कर गया है. इससे आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है.

करीब एक माह पहले 25 हाथियों का झुंड चंपुआ वन क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विचरण कर रहा था और इस दौरान कई जगहों पर फसलों को नुकसान पहुंचाया था. बाद में झुंड पटना रेंज होते हुए सिमलीपाल जंगल की ओर चला गया था.

अहले सुबह कंचन डुमुरिया जंगल में दिखा झुंड

वन विभाग के अनुसार, मंगलवार की अहले सुबह हाथियों के झुंड को सदर रेंज से चंपुआ रेंज के उखुंडा सेक्शन स्थित कंचन डुमुरिया जंगल में देखा गया. बताया गया कि सिमलीपाल की ओर जाने के दौरान हाथियों ने रास्ते में धान की कई फसलों को नुकसान पहुंचाया था. अब एक बार फिर इनके मैदानी क्षेत्र की ओर लौटने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है.

25 में से पांच हाथी पटना रेंज में रह गये

वन विभाग के मुताबिक, करीब एक माह पहले चंपुआ रेंज में नुकसान पहुंचाने वाला 25 हाथियों का झुंड पटना रेंज की ओर चला गया था. इसके बाद झुंड सिमलीपाल जंगल पहुंचा. वहां से हाथियों ने दोबारा मैदानी इलाकों का रुख किया है. इनमें पांच हाथी पटना रेंज में ही रह गये, जबकि 20 हाथी वापस चंपुआ वन क्षेत्र में पहुंच गये हैं.

झुंड में नौ बच्चे, तीन दांत वाले और आठ मादा हाथी

वन विभाग ने बताया कि चंपुआ लौटे हाथियों के झुंड में नौ बच्चे हाथी, तीन दांत वाले हाथी और आठ मादा हाथी हैं. विभाग की टीम झुंड की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है. ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने तथा विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है. वन विभाग की ओर से आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.