Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बंद के समर्थन में आज सुदेश महतो बैठेंगे बापू वाटिका में बापू की प्रतिमा के समक्ष

INT News11 August 2026 at 09:34 am

रांची. आजसू पार्टी ने छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को लेकर भाजपा द्वारा बुलाये गए झारखंड बंद का समर्थन किया है. आज इस बंद के समर्थन में आजसू सुप्रीमो व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो बंद के दौरान रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठेंगे.

लाठी के बल पर छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश

आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर दबाने की कोशिश लोकतंत्र का अपमान है. सरकार को यह समझना होगा कि युवाओं के सवालों का समाधान लाठी, आंसू गैस और वाटर कैनन से नहीं, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और जवाबदेही से होगा. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा अपने भविष्य, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा एवं नियुक्ति व्यवस्था को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं.

ये भी पढ़ें: गढ़वा में गूंजा लाठीचार्ज का विरोध: रांची में हुए लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा

आजसू ने की छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जांच की मांग

छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय बल प्रयोग करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है. लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है.आजसू पार्टी ने सरकार से मांग की है कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करायी जाये. दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो तथा आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक और सम्मानजनक संवाद शुरू किया जाये. पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है.