Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जमशेदपुर में दिखा बंद का मिलाजुला असर, सड़क पर उतरे भाजपाई

INT News11 August 2026 at 12:28 pm

जमशेदपुर में झारखंड बंद का असर अलग-अलग इलाकों में अलग नजर आया. साकची और बिष्टुपुर जैसे मुख्य बाजारों की मेन रोड पर कई दुकानें बंद रहीं, जबकि धातकीडीह, मानगो, परसुडीह और बागबेड़ा में बंद का असर सीमित रहा. इन इलाकों में बाजार खुले रहे और ऑटो भी चलते दिखे. हालांकि, सार्वजनिक मिनी बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा.

सोनारी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कराया दुकानें बंद

बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनारी में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में इलाके का भ्रमण किया और खुली दुकानों को बंद रखने की अपील की. इस दौरान कई दुकानों को बंद कराया गया. हालांकि, कार्यकर्ताओं के वहां से जाने के बाद कुछ दुकानें दोबारा खुल गयीं. कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.

बंद के दौरान कुछ जगहों पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की-फुल्की नोंकझोक हुई, लेकिन शहरभर में स्थिति शांतिपूर्ण रही.

स्कूल, कॉलेज और बैंक खुले रहे

झारखंड बंद के बावजूद जमशेदपुर के स्कूल, कॉलेज, बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान खुले रहे. इन जगहों पर आम दिनों की तरह कामकाज चलता रहा. मुख्य बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में भी ग्राहकों की आवाजाही सामान्य नजर आयी.

गोविंदपुर में भी कार्यकर्ताओं ने कराया बंद

रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गोविंदपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बंद का आह्वान किया. सुबह से ही कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और शांतिपूर्ण तरीके से दुकानों को बंद कराया.

प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर हमला बताया. मंडल अध्यक्ष जुगनू वर्मा ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज करना निंदनीय है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

बंद के दौरान गोविंदपुर मंडल के वरिष्ठ नेताओं और महिला कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रही. मौके पर राधेश्याम सिंह, इंद्रजीत सिंह, विकास सिंह, जगदीश मिश्रा, रिंकू, अरविंद सिंह चौहान, मुकद्दर शर्मा, राजू दुबे, राजेश सिंह और अजय गुप्ता मौजूद थे. वहीं महिला नेताओं में दुर्गावती देवी, सनेह लता, गौरी और वंदना ठाकुर ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया.