समाचार · मध्य प्रदेश
एबीवीपी कार्यक्रम के दौरान छात्रा तीसरी मंजिल से गिरी:झांसी रोड के कॉलेज में संदिग्ध हालात, गंभीर घायल छात्रा अस्पताल में भर्ती
झांसी रोड थाना क्षेत्र के पिपरौली स्थित एक निजी कॉलेज में सोमवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिर गई। हादसे के बाद कॉलेज परिसर में खलबली मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा भूमि दीक्षित को तुरंत शिवपुरी लिंक रोड स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को सोमवार रात हादसे की सूचना मिली और रात 10 बजे टीम मौके पर पहुंची। घटना होते ही एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर हटाकर कार्यक्रम जल्दबाजी में खत्म कर दिया। पुलिस ने घायल छात्रा के बयान लेने के लिए तहसीलदार को बुलाया, बयान दर्ज हो गए हैं। छात्रा के गिरने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। झांसी रोड थाना टीआई सुरभि शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। तहसीलदार रामनिवास शर्मा ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।