Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हांसी में लेनदेन विवाद में किसान ने निगला जहर:इलाज के दौरान हुई मौत, सुसाइड नोट भी मिला; आरोपियों ने किया था हमला

INT News4 July 2026 at 11:55 am

हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र में पैसों के लेनदेन के विवाद में एक किसान ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सुलचानी निवासी बारूराम के रूप में हुई है। परिजनों ने इसे आर्थिक विवाद से जुड़ा मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बारूराम ने 3 जुलाई की सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया था। गंभीर हालत में उसे हिसार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बारूराम ने गांव पुट्ठी निवासी आकाश को अपने माध्यम से करीब 8 लाख रुपए की भैंसें दिलवाई थीं। इसके अलावा, आकाश पर बारूराम के लगभग 7 लाख रुपए बकाया थे। यह लेनदेन ही विवाद का मुख्य कारण बताया जा रहा है। रुपए देने के बहाने ले गया, किया हमला मृतक के बेटे सुमित ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि 2 जुलाई की सुबह आकाश अपने साथी अजय के साथ उसके पिता को पैसे देने के बहाने बाइक पर पुट्ठी ले गया था। रास्ते में उनके साथ जानलेवा हमला किया गया। इस घटना के संबंध में थाना बास में पहले ही शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी। सुमित के अनुसार, इस मारपीट की घटना के बाद से उसके पिता काफी परेशान और मानसिक तनाव में थे। उसने आरोप लगाया कि इसी मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक दबाव के चलते बारूराम ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान दे दी। सुमित ने यह भी बताया कि उसके पिता एक सुसाइड नोट छोड़कर गए हैं, जिसमें पूरे घटनाक्रम और संबंधित व्यक्तियों का जिक्र है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम आज, पुलिस जुटी जांच में फिलहाल शव हिसार के अस्पताल में रखा गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मृतक के बेटे सुमित के बयान दर्ज कर लिए हैं और सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।