national
Himachal Monsoon Alert: बादल फटने से कांगड़ा बेहाल, मकान ढहे, कई जिलों में बाढ़ का खतरा

Himachal Monsoon Alert: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की बोह घाटी में भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, रातभर हुई बारिश से 12 और मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. इसके साथ ही घाटी में बारिश और बादल फटने से क्षतिग्रस्त मकानों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है. मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश में छह मकान बह गए थे. मंगलवार को बोह घाटी के सपेड़ी और गरून गांवों में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई. भारी मात्रा में मलबा, पानी और पत्थर बहकर आने से इलाके में तबाही मच गई. लाम गांव पर भी खतरा मंडरा रहा है. कई गांवों को जोड़ने वाले रास्ते प्रभावित हुए हैं.
13 पक्के और 5 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त
अधिकारियों के मुताबिक बारिश से 13 पक्के और 5 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. इसके अलावा नौ गोशालाएं भी प्रभावित हुई हैं. आपदा में तीन भैंस, चार गाय, एक बैल और एक भेड़ की मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहाड़ियों से तेज धमाके जैसी आवाज सुनी, जिसके कुछ ही देर बाद पानी, कीचड़ और बड़े-बड़े पत्थर तेजी से नीचे की ओर आने लगे.
कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और कुल्लू जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है. शिमला मौसम केंद्र ने कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मशोबरा में सबसे अधिक बारिश दर्ज
मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. शिमला जिले के मशोबरा में सबसे अधिक 117.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद नैना देवी में 106.4 मिमी, नांगल बांध में 90 मिमी, ब्रह्माणी में 77 मिमी, कुफरी में 74.2 मिमी और शिमला में 66.5 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर 27 जुलाई तक जारी रह सकता है.
लैंडस्लाइड से राहत-बचाव में आ रही परेशानी
अधिकारियों ने बताया कि डिब्बा और मनेड़ नाला क्षेत्रों में भी लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे बचाव दलों और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें बंद हो गई हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, घरों में रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है.
Also Read: कश्मीर में बादल फटने से तबाही : एक शख्स बहा, कई गांव कटे, कुछ ही मिनटों की बारिश में करोड़ों का नुकसान