Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन निगम सम्मेलन में हंगामे के आसार:कांग्रेस ने सत्तापक्ष को घेरने की बनाई रणनीति; मुआवजा और बदहाल सुविधाओं पर सरकार को घेरेगी

INT News20 July 2026 at 06:54 pm

उज्जैन नगर निगम का मंगलवार को होने वाला सम्मेलन हंगामेदार रहने की संभावना है। बैठक से पहले कांग्रेस पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष रवि राय की अध्यक्षता में रणनीति तैयार की है, जिसमें सत्तापक्ष को घेरने की पूरी तैयारी की गई है। इस रणनीतिक बैठक में निगम सम्मेलन के 26 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि शहर के विकास कार्यों से जुड़े उन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, जिनका सीधा प्रभाव आम जनता पर पड़ता है। कांग्रेस का मुख्य मुद्दा सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाना है। पार्टी का कहना है कि विकास कार्यों के कारण जिन लोगों की जमीन और मकान प्रभावित हुए हैं, उन्हें समय पर और न्यायसंगत मुआवजा मिलना चाहिए। इसके अतिरिक्त, शहर के सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की बदहाल स्थिति, साफ-सफाई, रखरखाव और नागरिक सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी सदन में उठाया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद कई सार्वजनिक शौचालय उपयोग योग्य नहीं हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र गब्बर कुवाल, सचेतक नाजिया बी, सपना सांखला, अर्पित दुबे, छोटेलाल मंडलोई, इमरान खान, प्रेमलता रामी, शाहीन मुजीब, नजमा फिरोज पठान और अनवर नागौरी सहित कई अन्य पार्षद उपस्थित थे। अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाले निगम सम्मेलन पर टिकी हैं, जहां इन मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।