Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मोदी के जन्मदिन पर MP में दीपोत्सव...:उज्जैन में शिप्रा किनारे जलेंगे 25 लाख दीप, इंदौर का राजबाड़ा ढाई लाख दीपों से होगा रोशन

INT News16 September 2026 at 01:42 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर दीपोत्सव होगा। सेवा-संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में होगा, जहां महाकाल महालोक और शिप्रा नदी के घाटों पर 25 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेशभर में 58 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़ा जाएगा। उज्जैन में 25 लाख दीप, एक साथ रोशन होंगे घाट उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपों को एक साथ जलाने के लिए घाटों पर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। आयोजन में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ आमजन की भागीदारी भी रखी गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं। इंदौर में राजबाड़ा पर ढाई लाख दीप इंदौर में राजबाड़ा क्षेत्र में ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे। भोपाल में ‘आशीर्वाद का दीपक’ भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में नदी घाटों, मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवारों के घरों को भी दीपों से रोशन किया जाएगा। प्रदेश में कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलन से होगी। अनूपपुर: अमकंटक के रामघाट पर जलेंगे 21 हजार दीप ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत गुरुवार को अनूपपुर में अमरकंटक के रामघाट पर 21,000 दीप प्रज्ज्वलित कर महाआरती की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी और अपर कलेक्टर बलबीर रमन को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। सामूहिक स्वच्छता श्रमदान, घुम्मा घटिया में पौधारोपण और रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शाम 7 बजे रामघाट (दक्षिण तट) पर महाआरती आयोजित होगी। यहां 11,000 दीप प्रज्ज्वलन रामघाट (दक्षिण तट) के साथ 10,000 दीप प्रज्ज्वलन रामघाट (उत्तर तट) पर जलाए जाएंगे। मुलताई: ताप्ती तट पर जगमगाएंगे 6 हजार दीप मुलताई में ताप्ती नदी के तट पर गुरुवार शाम करीब 6 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा, 15 वार्डों में भी 500-500 दीप जलाए जाएंगे। इस तरह कुल 7500 दीप जलाए जाएंगे। इसे लेकर नगर पालिका द्वारा तैयारियां की गई हैं। शाहपुर से दीप खरीदकर लाए गए हैं। दीप जलाने की जिम्मेदारी नगर पालिका के 21 कर्मचारियों को सौंपी गई है। उमरिया: खलेसर घाट पर 10 हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे जनपद पंचायत मानपुर के बस स्टैंड, विरासिनी माता मंदिर पाली, अटल स्टेच्यू नौरोजाबाद और शिव घाट चंदिया में दो-दो हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएगे। सभी वार्डाें में 500 आर्शीवाद के दीपक जलाए जाएंगे। 236 ग्राम पंचायतों में भी 500-500 दीपक प्रज्ज्वलित होंगे। खजुराहो: पश्चिमी मंदिर परिसर में जलेंगे एक लाख दीये

खजुराहो में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम 7 बजे 3 लाख दीये जलाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में होगा। यहां एक लाख दीपक जलाए जाएंगे।

जिला परियोजना प्रबन्धक श्याम गौतम ने बताया कि दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। यूनेस्को साइट पश्चिमी मंदिर समूह के कंदरिया महादेव मंदिर के सामने प्रांगड़ में एक लाख दीपक जलाने की तैयारी है। 70 केंद्रों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुलाई गई हैं, जो भारत का नक्शा, कंदरिया महादेव मंदिर की आकृति को रेखांकित रंगोली के माध्यम से करेंगी। इनके ऊपर ही दीपोत्सव किया जाएगा। दीपोत्सव के लिए आठ क्विंटल तेल लाया गया है। स्थानीय समूहों से एक लाख दीपक मगाए गए हैं। इन शहरों में भी होंगे आयोजन 17 सितंबर से महीनेभर चलेगा अभियान सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद सेवा, जनभागीदारी, प्रतियोगिताओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।