समाचार · मध्य प्रदेश
सेंट मेरी स्कूल में एबीवीपी का धरना:हरदा में महापुरुषों की तस्वीरें नहीं लगाने पर जताया विरोध
हरदा के टिमरनी के सेंट मेरी स्कूल में मंगलवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में महापुरुषों की तस्वीरें नहीं लगाए जाने का विरोध किया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उन्होंने इसी मुद्दे पर विरोध किया था। उस समय स्कूल प्रबंधन ने कोने में रखी कुछ तस्वीरें लगाई थीं। मंगलवार को दोबारा निरीक्षण किया गया तो स्कूल की किसी भी दीवार पर तस्वीरें नहीं मिलीं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत की और स्कूल प्रबंधन से भी चर्चा की। महापुरुषों की तस्वीरें लगाने की मांग
विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन को आवेदन सौंपकर महापुरुषों की तस्वीरें जल्द लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि हवा के कारण तस्वीरें गिर जाती हैं। इसी वजह से उन्हें नहीं लगाया जा रहा है। इस जवाब पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। प्रशासन के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।