समाचार · मध्य प्रदेश
कॉलेज में छात्रों को समस्या पर NSUI ने दिया ज्ञापन:लाइब्रेरी बंद, शिक्षकों की कमी और पेयजल संकट पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
शाजापुर के बीकेएसएन कॉलेज में विद्यार्थियों को हो रही शैक्षणिक और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर NSUI ने मंगलवार को कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्र संगठन ने लाइब्रेरी नियमित खोलने, पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। NSUI ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर कॉलेज परिसर में आंदोलन की चेतावनी दी। NSUI कॉलेज अध्यक्ष रोहित चांदना ने बताया कि कॉलेज की लाइब्रेरी विद्यार्थियों के अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र है। उनके अनुसार, लाइब्रेरी लंबे समय से नियमित नहीं खुल रही है, जिससे छात्रों को पुस्तकों और अध्ययन सामग्री का लाभ नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने लाइब्रेरी को निर्धारित समय पर रोज खोलने और पर्याप्त पुस्तकें व अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। शिक्षकों की कमी से कक्षाएं प्रभावित होने का दावा छात्रों ने कॉलेज में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई विषयों में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं होने की समस्या आ रही है। NSUI ने रिक्त पदों पर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग कॉलेज में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। NSUI के अनुसार, विद्यार्थियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। संगठन ने वाटर कैंपर सहित अन्य पेयजल साधनों की नियमित देखरेख और मरम्मत कराने की मांग की। रोहित चांदना ने कहा कि यदि विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो NSUI कॉलेज परिसर में आंदोलन करेगी। संगठन ने कहा कि समस्याओं का समाधान कर विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।