समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव:पांती गांव में मायके गई थी पत्नी; कारणों की जांच कर रही पुलिस
मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के पांती गांव में बुधवार को एक 29 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान दिनेश पिता बच्चा लाल कोल के रूप में हुई है। शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर पाया गया। मायके गई हुई थी पत्नी परिजनों के मुताबिक घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। दिनेश के एक बेटा और एक बेटी है। बुधवार को ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखकर परिजनों और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हाटा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और दोपहर करीब 2 बजे पोस्टमार्टम के लिए हनुमना अस्पताल भिजवाया। कारणों की जांच कर रही पुलिस हाटा चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर कारणों का पता लगा रही है।