समाचार · मध्य प्रदेश
स्कूल ऑफ कॉमर्स में छात्र से मारपीट...सिर पर बोतल फोड़ी:मोबाइल तोड़ा, पुराने विवाद में किया हमला; पीड़ित ने सोने की चेन गुम होने का आरोप लगाया
इंदौर के देवी अहिल्या परिसर स्थित स्कूल ऑफ कॉमर्स में मंगलवार को छात्रों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि पार्किंग में खड़े बीबीए थर्ड ईयर के छात्र महेंद्र गुर्जर के साथ दो छात्रों ने अपने साथियों के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके सिर पर कांच की बोतल फोड़ दी गई और हाथ के कड़े से भी हमला किया गया। घायल महेंद्र का पुलिस ने मेडिकल कराया है। भंवरकुआ पुलिस ने महेंद्र गुर्जर निवासी अलकापुरी कॉलोनी की शिकायत पर जतीन खिची, कुलदीप राठौर और अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट और धमकाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुराने विवाद को लेकर पार्किंग में हमला पुलिस के मुताबिक महेंद्र मंगलवार को अपने दोस्त रोहित के साथ कॉलेज परिसर की पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान जतीन और कुलदीप अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद आरोपियों ने महेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक जतीन ने हाथ के कड़े से महेंद्र को मारा। इसके बाद उसके सिर पर कांच की बोतल फोड़ दी, जिससे सिर में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा। अन्य छात्रों के वहां पहुंचने पर आरोपी धमकाते हुए मौके से चले गए। चेन गुम और मोबाइल टूटने का भी आरोप महेंद्र ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसकी सोने की चेन गुम हो गई। उसका मोबाइल भी आरोपियों ने तोड़ दिया। घायल महेंद्र को उसका दोस्त रोहित थाने लेकर पहुंचा, जहां उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक फिलहाल शिकायत के आधार पर जतीन और कुलदीप को नामजद किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों के नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं।