Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नदी में बहे युवक का शव 17 घंटे बाद मिला:साथी अब भी लापता; मछली पकड़ते समय दोनों आसन नदी में बह गए थे

INT News27 August 2026 at 10:39 am

मुरैना जिले में माता बसैया थाना क्षेत्र में भूमिया मंदिर के पास बुधवार को आसन नदी के तेज बहाव में बहे दो युवकों में से एक का शव गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। शव की पहचान ग्वालियर निवासी इरशाद खान के रूप में हुई। वहीं, दूसरा युवक अशोक अभी लापता है। एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में नदी में रेस्क्यू अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को ईद के जुलूस के बाद ग्वालियर निवासी इरशाद खान और अशोक मछली पकड़ने के लिए दोपहर करीब 3:30 बजे माता बसैया क्षेत्र स्थित आसन नदी पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने बुधवार शाम से रात करीब 8:30 बजे तक नदी में दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

सुबह 7 बजे दोबारा शुरू हुआ रेस्क्यू

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 17 घंटे की तलाश के बाद टीम ने इरशाद खान का शव नदी से बरामद कर लिया। शव को बाहर निकालकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, अशोक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश कर रही है। एक शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि आसन नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान इरशाद खान के रूप में हुई है। दूसरा युवक अशोक अभी लापता है। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।