समाचार · मध्य प्रदेश
स्टाफ को बातों में उलझाया,फिर एक-एक कर कपड़े लेकर खिसकीं:सतना के शोरूम से 3 महिलाएं सामान समेटकर फरार, सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई पूरी करतूत
सतना में रक्षाबंधन से पहले बाजार में बढ़ी भीड़ के बीच हनुमान चौक स्थित साईं ड्रेसेस में तीन महिलाओं पर कपड़े चोरी करने का आरोप लगा है। बुधवार को हुई घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई। दुकान संचालक ने फुटेज सामने आने के बाद अन्य व्यापारियों और ग्राहकों को सतर्क रहने की अपील की है। कपड़े देखने के बहाने दुकान में दाखिल हुईं बताया गया कि तीनों महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं। उन्होंने कपड़े देखने के दौरान कर्मचारियों को सामान दिखाने में व्यस्त रखा। आरोप है कि इसी बीच एक महिला कुछ सामान लेकर गाड़ी देखने का बहाना बनाकर बाहर निकल गई। इसके बाद उसकी दोनों साथी महिलाएं भी बारी-बारी से कथित तौर पर कपड़े लेकर दुकान से बाहर चली गईं। सामान कम मिला तो CCTV देखा महिलाओं के जाने के बाद दुकान संचालक को सामान कम होने का शक हुआ। उन्होंने CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें तीनों महिलाएं कथित तौर पर कपड़े लेकर बाहर जाती दिखाई दीं। इसके बाद दुकान संचालक ने फुटेज सोशल मीडिया पर साझा कर अन्य दुकानदारों को सावधान रहने की अपील की। दुकानदार ने बताया- हुलिए से नहीं हुआ शक दुकान संचालक सागर चौरसिया के मुताबिक, महिलाओं का पहनावा और हुलिया सामान्य व संभ्रांत परिवारों की महिलाओं जैसा था। इसी वजह से शुरुआत में किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ। उन्होंने CCTV फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को शिकायत का इंतजार सिटी कोतवाली टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल पुलिस के पास इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।