समाचार · छत्तीसगढ़
बेमेतरा में भाजपा ने पदयात्रा निकाली:मंत्री दयाल दास बोले- चुनाव हारने के बाद SIR पर सवाल उठाती है कांग्रेस
बेमेतरा में भाजपा ने बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नारे के साथ शहर में पदयात्रा निकाली। इससे पहले अटल परिसर में सभा आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा में भाजपा नेताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए और कार्यकर्ताओं से लोगों को जागरूक करने की अपील की। मंत्री बोले- आपत्ति है तो सुप्रीम कोर्ट जाए कांग्रेस सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो SIR की प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन चुनाव हारने के बाद इसी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर रही है। यदि उसे SIR की प्रक्रिया पर आपत्ति है तो सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय सुप्रीम कोर्ट जाना चाहिए और वहां से उचित सलाह लेकर निर्णय करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क पर प्रदर्शन कर जनता को गुमराह करने की कोशिश क्यों की जा रही है। विधायक ने लोगों से बहकावे में नहीं आने की अपील की बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि कांग्रेस SIR के मुद्दे पर लगातार धरना-प्रदर्शन कर लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा ने पदयात्रा निकाली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से किसी के बहकावे में नहीं आने तथा एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की। अटल परिसर से कबीर कुटी तक निकली पदयात्रा सभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल परिसर से पदयात्रा शुरू की। यह सिग्नल चौक होते हुए कबीर कुटी पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अभियान का संदेश दिया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।