समाचार · पंजाब
जालंधर यूथ कांग्रेस नेता अंशुमन कालिया AAP में शामिल:मंत्री अरोड़ा और मेयर ने करवाई पार्टी जॉइन; विधायक बावा हैनरी का रहा करीबी
पंजाब में साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा की मौजूदगी और हाल ही में नॉर्थ हलके के इंचार्ज बने मेयर विनीत धीर की अगुवाई में कांग्रेस के प्रमुख यूथ लीडर अंशुमन कालिया ने समर्थकों सहित 'आप' का दामन थाम लिया। अंशुमन कालिया पूर्व दिवंगत पार्षद विक्की कालिया के बेटे हैं। बावा हैनरी के करीबी परिवार में लगाई सेंध
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, पूर्व पार्षद विक्की कालिया का परिवार कांग्रेस विधायक बावा हैनरी के बेहद करीबी माना जाता रहा है। नॉर्थ क्षेत्र में इस परिवार की जमीनी स्तर पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में चुनाव से काफी पहले अंशुमन कालिया का आम आदमी पार्टी में शामिल होना कांग्रेस के लिए जालंधर नॉर्थ में एक बड़ा झटका माना जा रहा है। मेयर विनीत धीर की नई रणनीति से मजबूत हो रही 'आप'
जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में दिनेश ढल्ल को हलका इंचार्ज के पद से हटाए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने मेयर विनीत धीर पर भरोसा जताया था। मेयर विनीत धीर ने हलके में अपनी सक्रियता काफी बढ़ा दी है। वे लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं, आम जनता से सीधी मुलाकात कर रहे हैं और उनकी स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने में जुटे हैं।