समाचार · हरियाणा
कैथल में चार एकड़ में बनेगा ऑडिटोरियम:HSVP ने दी निर्माण को मंजूरी, प्राइवेट संस्थानों में होते थे सरकारी कार्यक्रम
कैथल जिले को अब जल्द ही ऑडिटोरियम का तोहफा मिलेगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने लघु सचिवालय के निकट ऑडिटोयिरम के निर्माण को मंजूरी दे दी है। अब नगर निकाय विभाग द्वारा यहां सभी आधुनिक सुविधाओं वाले ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। डीसी अपराजिता ने बतौर डीसी जॉइन करते ही इस योजना को लेकर प्रयास शुरू कर दिए थे। इन्हीं प्रयासों से ऑडिटोरियम के लिए जगह फाइनल हो गई है। निजी संस्थानों में हो रहे कार्यक्रम बता दें कि, जिले में ऑडिटोरियम की सुविधा न होने के कारण कई बार सरकारी कार्यक्रम निजी संस्थानों में करवाने पड़ते हैं। इसी कारण शुरू से ही एक बड़े एवं आधुनिक ऑडिटोरियम की जरूरत है। बता दें कि, मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में प्रत्येक जिले में ऑडिटोरियम बनाए जाने की घोषणा की थी। डीसी ने सेक्टर 19-3 में लघु सचिवालय के निकट जगह चिन्हित करते हुए अधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। चार एकड़ जगह में ऑडिटोरियम बनाए जाने की मंजूरी उन्होंने लगातार मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों से इस संबंध में बात की। इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि एचएसवीपी ने अब लघु सचिवालय के निकट सेक्टर 19-3 की जगह में ऑडिटोरियम बनाए जाने की मंजूरी दे दी है। जिले में एचएसवीपी के कार्यकारी अधिकारी वकील अहमद ने बताया कि सेक्टर 19-3 में चार एकड़ जगह में विभाग मुख्यालय ने ऑडिटोरियम बनाए जाने की मंजूरी दे दी है। अब इस साइट का जोन प्लान तैयार करके स्थानीय निकाय विभाग को भेजा जाएगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई स्थानीय निकाय विभाग द्वारा की जानी है। साइट प्लान बनाया जाएगा जिला नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने कहा कि जैसे ही जमीन विभाग को हस्तांतरित होती है, उसी अनुसार साइट प्लान बनाकर विभाग से मंजूरी लेकर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में डीसी अपराजिता ने बताया कि जिला स्तर पर एक बड़े ऑडिटोरियम की आवश्यकता है, ताकि विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को लाभ पहुंचाने के लिए आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम, प्रदर्शनी व अन्य बड़े आयोजन किए जा सकें। इसके लिए प्रयास शुरू किए गए थे। एचएसवीपी ने यहां इसके लिए मंजूरी दे दी है।