समाचार · हरियाणा
सोनीपत में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस:स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय एकता पर व्याख्यान; बोले- इतिहास से सीख लेने का अवसर
सोनीपत के स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राई में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कुलदीप चंद अग्निहोत्री मुख्य वक्ता रहे। अपने संबोधन में प्रो. अग्निहोत्री ने 1947 के विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विस्थापन और हिंसा की त्रासदी पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह दिवस अतीत की पीड़ा को याद करने के साथ-साथ इतिहास से सीख लेने का अवसर है। प्रो. अग्निहोत्री ने जोर दिया कि इस दिवस का उद्देश्य कटुता बढ़ाना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, शांति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत कर भविष्य में ऐसी मानवीय त्रासदी की पुनरावृत्ति को रोकना है। विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और कहा कि युवा पीढ़ी को इतिहास से प्रेरणा लेकर देश की अखंडता, भाईचारे और सहिष्णुता के मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संदीप कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो. योगेश चंदर, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. जितेंद्र, डॉ. विवेक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने विभाजन के पीड़ितों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।