समाचार · पंजाब
जगराओं में नशे में सड़क पर करतब दिखाते युवक, VIDEO:नशा मुक्त पंजाब अभियान की खुल रही पोल, दो वीडियो लोगों ने की साझा
लुधियाना के जगराओं शहर को नशामुक्त करने के पुलिसिया दावों और 'नशे के खिलाफ युद्ध' मुहिम की जमीनी हकीकत पर सवालिया निशान लग गए हैं। सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर युवा सार्वजनिक स्थानों पर नशे की धुंध में बदहवास हालत में घूमते दिखाई दे रहे हैं। यह मामला ऐसे समय में गरमाया है, जब महज 4 दिन पहले एसएसपी जगराओं के नेतृत्व में वार्ड नंबर 16 (मोहल्ला धुम्मन) में नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। हालांकि, उस कार्रवाई के दौरान न तो कोई तस्कर गिरफ्तार हुआ था और न ही कोई बरामदगी हुई थी, लेकिन पुलिस ने नशा मुक्त जगराओं का दावा करते हुए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई दो वीडियो: रानी झांसी चौक: समाजसेवी मोहित जैन द्वारा शेयर की गई पहली वीडियो रानी झांसी चौक स्थित नशा छुड़ाओ केंद्र के पास रेलवे पुल इलाके की बताई जा रही है। रायकोट रोड: दूसरी वीडियो समाजसेवी सुख जगराओं ने साझा की है, जो रायकोट रोड क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है। दोनों वीडियो में दिख रहे युवकों की अभी तक आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। लेकिन नशा छुड़ाओ केंद्र और मुख्य सड़कों के पास सरेआम ऐसी तस्वीरें सामने आने से शहरवासियों और समाजसेवियों में रोष है। अब हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इन वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर धरातल पर क्या ठोस कार्रवाई करती है।