Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ऑटो ड्राइवर ने 20 दिन में चुराईं 3 बाइक:भिंड में ई-रिक्शा बढ़ने से कमाई कम हो गई थी; बाइकें 3-5 हजार में बेचने की योजना थी

INT News27 August 2026 at 10:30 am

भिंड में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या से ऑटो का धंधा कमजोर हुआ तो ऑटो ड्राइवर ने बाइक चोरी का रास्ता अपना लिया। गोहद पुलिस ने बुधवार को पवन पिता महेश कुशवाह निवासी चक महाटोली, बानमोर, मुरैना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। आरोपी करीब एक माह पहले ही पत्नी के साथ ऑटो चलाने के लिए बानमोर से गोहद शिफ्ट हुआ था। यहां आने के बाद उसने 20 दिन के भीतर तीन बाइक चोरी कर लीं। हालांकि, पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक चोरी की बाइक बेच नहीं पाया था। ऑटो से करता था बाइक की रैकी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाजार में ई-रिक्शा की संख्या बढ़ने से ऑटो में सवारी कम मिल रही थी। ऑटो चलाने के बाद कई बार दिनभर का खर्च भी नहीं निकल पाता था। इसी आर्थिक परेशानी के चलते उसने बाइक चोरी करने की योजना बनाई। आरोपी ऑटो चलाते हुए ही अलग-अलग स्थानों पर बाइक खड़ी होने की रैकी करता था और मौका देखकर उन्हें चोरी कर लेता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। परिवार में एक भाई है और उसके अनुसार भाई जमीन बेच चुका है। कमाई का दूसरा जरिया नहीं होने के कारण वह परिवार चलाने के लिए परेशान था। इसी दौरान उसने बाइक चोरी को कमाई का आसान रास्ता समझ लिया।

3 से 5 हजार में बेचने की थी योजना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की बाइक अपने गांव में चोरी के धंधे से जुड़े लोगों को 3 से 5 हजार रुपए में बेचने की योजना थी। हालांकि पुलिस के पकड़ने तक वह चोरी की कोई बाइक बेच नहीं पाया था। तीनों बाइक उसके कब्जे में ही मिलीं। 20 दिन में तीन वारदात

10 अगस्त को ग्राम खितोली की दरगाह से एमपी 30 एमएन 5478, 20 अगस्त को न्यायालय परिसर गोहद से एमपी 30 जेडसी 1374 और 24 अगस्त को अस्पताल परिसर से एमपी 30 एमडब्ल्यू 3592 चोरी हुई थी। तीनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास और कस्बे से बाहर लगे करीब 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिरों को सक्रिय करने के बाद मिले सुराग के आधार पर 26 अगस्त को पवन को गोहद बस स्टैंड से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसने तीनों बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से तीनों बाइक बरामद कर लीं। कार्रवाई एसपी सूरज कुमार वर्मा, एएसपी प्रदीप पटेल के निर्देशन, एसडीओपी महेन्द्र कुमार गौतम के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में की गई।