समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर के बाल सुधार गृह में लड़के ने लगाई फांसी:15 अगस्त को लाया गया था प्लेस ऑफ सेफ्टी, एक दिन पहले ही परिजन से की थी बात
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के बाल सुधार गृह में रेप के आरोपी लड़के की लाश संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि लड़के ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था। उसे 15 अगस्त को ही बाल न्यायालय के आदेश पर संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। बताया जा रहा है कि लड़का घटना से पहले से तनाव में था और बाल सुधार गृह से बाहर आने के लिए परिजनों से जिद कर रहा था। मामले की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, शुभम अघरिया (18) रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव का रहने वाला था। उस पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप था। शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया। 15 अगस्त को रायगढ़ से बिलासपुर लाया गया था सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक, शुभम को 15 अगस्त को रायगढ़ से बिलासपुर के बाल सुधार गृह लाया गया था। इससे एक दिन पहले 14 अगस्त को उसकी गिरफ्तारी हुई थी और उसे कोर्ट में पेश किया गया था। बताया जा रहा है कि बाल सुधार गृह आने के बाद से वह मानसिक तनाव में था। एक दिन पहले परिजन से की थी बात पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शुभम ने घटना से एक दिन पहले ही अपने परिजन से बात की थी। उसकी हरकतों को लेकर परिजन उससे नाराज थे। वहीं, शुभम बाल सुधार गृह से बाहर आने के लिए परिजनों से जिद कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह काफी मानसिक तनाव में था। सुबह उठा फिर नहाने से पहले उठाया आत्मघाती कदम पुलिस ने बाल सुधार गृह के चौकीदार और वहां मौजूद दूसरे लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि शुभम रात में खाना खाने के बाद सो गया था। मंगलवार सुबह चौकीदार ने संप्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों को उठाया। इसके बाद शुभम बाथरूम जाने के लिए निकला था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है। पहले कर्मचारी की हत्या कर फरार हुए थे 4 बंदी इससे पहले भी यहां चार बंदियों ने एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में चारों को पकड़ लिया था।