Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तेज रफ्तार ऑटो पलटा, दो महिलाएं और बच्चा घायल:रामपुर नैकिन के आमडाड घटिया के पास हादसा, चालक हुआ फरार

INT News16 September 2026 at 01:54 pm

सीधी जिले के रामपुर नैकिन में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार दो महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे आमडाड घटिया के पास हुई। ऑटो में कुल छह लोग सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से फिसलकर नीचे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर जा गिरा। हादसे में मनोरमा मिश्रा और एक अन्य महिला घायल हुई हैं। रवि साकेत नाम के बच्चे को भी चोटें आई हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया। अभी तक उसका पता नहीं चला है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच भी जारी है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र सोनी ने बताया कि इलाके में कई ऑटो चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं। गति पर कंट्रोल न होने से सड़क हादसों की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि चालकों को तय स्पीड में गाड़ी चलानी चाहिए और यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों को दूसरे ऑटो से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पता लगा रही है कि हादसा कैसे हुआ।