समाचार · मध्य प्रदेश
सिंगरौली के बैढ़न-विंध्यनगर रोड पर धंसा डंपर:सीवरेज कार्य के बाद सड़क मरम्मत में लापरवाही से हादसा
सिंगरौली जिले के बैढ़न-विंध्यनगर रोड पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सागर होटल के सामने सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे एक हाइवा (डंपर) वाहन उसमें फंस गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बैढ़न शहर की कई सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सड़कों की खुदाई की गई थी। कार्य पूरा होने के बाद कई जगहों पर गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया, जिससे सड़कों की स्थिति और बिगड़ गई। लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और खराब कर दिया है। बारिश का पानी सड़क के नीचे तक पहुंचने से कई स्थानों पर जमीन धंस रही है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में आए दिन छोटे-बड़े वाहन फंस रहे हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। सागर होटल के सामने हाइवा के सड़क में धंसने की इस घटना ने सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल बैढ़न शहर की सड़कों का निरीक्षण कराने की मांग की है। विशेष रूप से, सीवरेज लाइन के बाद खोदी गई सड़कों और अधूरे भरे गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की अपील की गई है। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान सड़क धंसने और वाहन दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है। घटना की जांच कराई जाएगी इस संबंध में, नगर निगम के उपायुक्त आरपी वैश ने बताया कि शहर में सीवर और अन्य निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे कार्य के दौरान खराब हुई सड़कों को तत्काल ठीक करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सागर होटल के सामने हुई घटना की जांच कराई जाएगी और यदि सड़क सुधार में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।